- हर-हर महादेव के जयघोष के साथ गूंजा बुद्धेश्वर महादेव मंदिर
रायपुर। श्री लोहाणा युवा मंडल, रायपुर द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाते हुए 21वें वर्ष भी श्री शिव महाभिषेक का आयोजन रविवार दिनांक 06 सितंबर को श्री बुढ़ेश्वर महादेव मंदिर, बुढ़ापारा में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। विगत 20 वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा में बड़ी संख्या में समाजजनों एवं श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अभिषेक किया।
आयोजन का शुभारंभ प्रातः 9 बजे पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधिवत अभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की। इसके पश्चात प्रातः 11:30 बजे दही हांडी उत्सव, दोपहर 1:30 बजे महाप्रसादी तथा 3 बजे महाआरती का आयोजन किया गया।
रुद्राभिषेक के यजमान के रूप में विनय भाई नथवाणी, मनीष भाई राणा, रविभाई मानसाता, विशाल भाई ठक्कर, प्रशांत भाई जसाणी, चिराग भाई लाखाणी, विकास भाई माणेक एवं रीमा बेन खाखरिया ने सहभागिता दी। वहीं महाप्रसादी के यजमान स्व. शशिकांत जमनादासभाई मिराणी, महाआरती के यजमान नितेश भाई रायचा तथा दही हांडी उत्सव की यजमान अनिता बेन ठक्कर रहीं।
इस अवसर पर समाज के बड़ी संख्या में सदस्य परिवार के साथ श्रद्धा भक्ति-भाव से उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान बुढ़ेश्वर महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना एवं महाप्रसादी का लाभ लिया।
आयोजन को सफल बनाने में श्री लोहाणा युवा मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। मंडल के अध्यक्ष कल्पेश भाई पारेख, सचिव सुमित भाई नथवाणी एवं कोषाध्यक्ष दीपेश भाई पारपाणी सहित पूरी समिति ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।