You are currently viewing “संघर्ष से सृजन और शिखर तक : स्वर्गीय ओ.पी. जिंदल की प्रेरक जीवनगाथा”

“संघर्ष से सृजन और शिखर तक : स्वर्गीय ओ.पी. जिंदल की प्रेरक जीवनगाथा”

कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं, जो अपने कर्मों से इतिहास रचते हैं और पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन जाते हैं। स्व.ओपी जिंदल ऐसे ही युगपुरुष थे। उन्होंने अपने संघर्ष, परिश्रम और दूरदर्शी सोच से यह सिद्ध किया कि मजबूत संकल्प और ईमानदार प्रयास से साधारण परिस्थितियों से निकलकर भी असाधारण ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है।

7 अगस्त, 1930 को हरियाणा के हिसार जिले के नलवा क्षेत्र में जन्मे ओपी जिंदल ने सीमित संसाधनों के बीच अपना जीवन शुरू किया। कठिन मेहनत, नई सोच और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने एक छोटे उद्योग से शुरुआत की, जो आगे चलकर जिंदल समूह के रूप में देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों में शामिल हुआ। स्टील, पाइप, ऊर्जा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उनके योगदान ने देश के औद्योगिक विकास को नई दिशा दी और हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए। ओपी जिंदल का मानना था कि उद्योग केवल लाभ कमाने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त साधन है। यही सोच उन्हें राजनीति और जनसेवा की ओर ले गई। हरियाणा विधानसभा के सदस्य और बाद में विद्युत मंत्री के रूप में उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। 31 मार्च, 2005 को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में उनके असामयिक निधन के बाद भी उनकी सोच और संस्कार जीवित रहे। उनके पुत्र नवीन जिंदल ने न केवल उद्योग जगत में इस विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, समाजसेवा और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान जैसे अभियानों के माध्यम से जनसेवा की उस परंपरा को भी निरंतर आगे बढ़ाया, जिसकी नींव स्वर्गीय ओपी जिंदल ने रखी थी।

सांसद नवीन जिंदल कहते हैं कि बाबूजी सादगी, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों के कारण लोगों के दिलों में विशेष स्थान रखते थे। स्व. ओपी जिंदल जी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि सच्ची सफलता केवल ऊंचाइयों तक पहुंचने में नहीं, बल्कि उन ऊंचाइयों का उपयोग समाज और राष्ट्र के हित में करने में है। आज नवीन जिंदल का कार्य भी इस बात का प्रमाण है कि सेवा और राष्ट्र निर्माण के संस्कार पीढ़ियों तक जीवित रहते हैं। ऐसे कर्मयोगी भले ही इस दुनिया से विदा हो जाते हैं, लेकिन उनके विचार, संस्कार और कार्य सदैव अमर रहते हैं। यही कारण है कि आज भी स्व. ओपी जिंदल केवल एक नाम नहीं, बल्कि संघर्ष, सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की एक जीवंत प्रेरणा हैं।