अंतरिक्ष की रहस्यमयी दुनिया को करीब से समझने और रॉकेट विज्ञान की बारीकियों को जानने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए खुशखबरी है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अपने प्रतिष्ठित युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम युविका (YUVIKA) 2026 की घोषणा कर दी है। यह विशेष पहल कक्षा 9वीं के मेधावी विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी की बुनियादी समझ देने के साथ-साथ वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
पात्रता : 1 जनवरी 2026 तक कक्षा 9 में पढ़ रहे और मान्यता प्राप्त स्कूल में नामांकित छात्र आवेदन कर सकते हैं। चयन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से किया जाएगा।
जरूरी डेट्सः आवेदन प्रारंभ: 27 फरवरी 2026, अंतिम तिथि: 31 मार्च 2026, पहली चयन सूचीः 13 अप्रेल 2026, दूसरी सूची (यदि आवश्यक): 20 अप्रैल 2026 कार्यक्रमः 11-22 मई 2026
चयन ऐसे होगा : इसमें कक्षा 8 या नवीनतम परीक्षा के अंकों को सबसे अधिक 50% वेटेज दिया जाएगा। ऑनलाइन क्विज प्रदर्शन को 10% महत्त्व मिलेगा। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी एवं सहपाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी (2-10%), ओलंपियाड या समकक्ष उपलब्धियां (2-5%) और खेल प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन (2-5%) को भी अंक प्रदान किए जाएंगे। पिछले तीन वर्ष में स्काउट/गाइड्स, NCC या NSS की सदस्यता के लिए 5% वेटेज निर्धारित है। लिंक: https://jigyasa.iirs.gov.in/yuvika