You are currently viewing रायपुर में जादूगर ओपी शर्मा जूनियर का जादू शो पांचवीं बार, अंधविश्वास नहीं विज्ञान है जादू

रायपुर में जादूगर ओपी शर्मा जूनियर का जादू शो पांचवीं बार, अंधविश्वास नहीं विज्ञान है जादू

जादू चमत्कार नहीं, विज्ञान है — शिक्षा से जोड़ने की जरूरत : ओपी शर्मा जूनियर

रायपुर। राजधानी रायपुर के गांधी चौक स्थित रंग मंदिर में प्रसिद्ध जादूगर ओपी शर्मा जूनियर के जादू शो की शुरुआत 11 जनवरी से हो चुकी है। शनिवार को रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस मीडिया संवाद कार्यक्रम में उन्होंने जादू की कला के वैज्ञानिक पक्ष, सामाजिक भूमिका और शिक्षा से उसके जुड़ाव पर विस्तार से विचार रखे। इस अवसर पर नवगठित प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी एवं सदस्यों ने उनका स्वागत किया।

जादूगर ओपी शर्मा जूनियर ने स्पष्ट किया कि जादू को दैवीय शक्ति या चमत्कार मानना एक बड़ी भूल है। जादू पूरी तरह से विज्ञान, तकनीक और अभ्यास पर आधारित कला है। उन्होंने कहा कि अंधविश्वास के कारण लोग आसानी से ठगी का शिकार हो जाते हैं, इसलिए समाज में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि रायपुर में यह उनका पांचवां शो है, जिसमें ड्रिल ऑफ डेथ, द ग्रेट इल्यूजन ऑफ इंडिया और बच्चों के लिए विशेष तिलस्मी चेहरा जैसे रोमांचक प्रयोग प्रस्तुत किए जा रहे हैं।

ओपी शर्मा जूनियर ने जादू को शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्राथमिक स्तर पर इसे एक विषय के रूप में पढ़ाया जा सकता है। इसके लिए डिप्लोमा, सर्टिफिकेट कोर्स और जादू की एकेडमी शुरू होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि वे तीन वर्ष की उम्र से अपने पिता के साथ इस कला से जुड़े हैं और 30 वर्षों से लगातार स्टेज शो कर रहे हैं। तकनीकी मजबूती के लिए उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी की है। यह शो न केवल मनोरंजन करता है, बल्कि अंधविश्वास के विरुद्ध जागरूकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को भी मजबूत करता है।