You are currently viewing रजत बंसल को CM सचिवालय में अहम जिम्मेदारी, रवि मित्तल PMO के लिए रिलीव

रजत बंसल को CM सचिवालय में अहम जिम्मेदारी, रवि मित्तल PMO के लिए रिलीव

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2012 बैच के आईएएस अधिकारी रजत बंसल को मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ करते हुए जनसंपर्क आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी रवि मित्तल को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), नई दिल्ली में उप सचिव पद के लिए रिलीव किया गया है।

आदेश के मुताबिक रजत बंसल को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से विशेष सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय नियुक्त किया गया है। वे अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ आयुक्त जनसंपर्क, सीईओ ‘संवाद’, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म तथा प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। इस नियुक्ति को राज्य सरकार के संचार और खनिज क्षेत्र में समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वहीं, रवि मित्तल को भारत सरकार के निर्देशों के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय में उप सचिव पद पर प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। उन्हें 31 मार्च 2026 की अपराह्न से कार्यमुक्त किया जाएगा। उनकी प्रतिनियुक्ति अवधि चार वर्ष अथवा आगामी आदेश तक निर्धारित की गई है। राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन व्यवस्था में दक्षता और समन्वय बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है।