You are currently viewing फिक्की फ्लो समिति ने पुरैना शासकीय स्कूल की छात्राओं को पोक्सो एवं साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

फिक्की फ्लो समिति ने पुरैना शासकीय स्कूल की छात्राओं को पोक्सो एवं साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

रायपुर। फिक्की फ्लो लीगल लिटरेसी प्रमुख द्वय श्रीमती रश्मि काले एवं श्रीमती शमी श्रीश्रीमल की पहल पर शासकीय हाई स्कूल, पुरैना, रायपुर में छात्राओं हेतु पोक्सो अधिनियम, बाल सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा साइबर दुनिया में बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में वक्ता द्वय श्रीमती शगुन कौर एवं श्रीमती सखी सिंधवानी ने छात्राओं को ‘लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012’ (प्रोटेक्शन ऑफ़ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ओफ्फेंसेस —पोक्सो) की महत्वपूर्ण जानकारियां सरल एवं सहज भाषा में प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान, यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ तथा किसी भी अप्रिय परिस्थिति में उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों के बारे में विस्तार से समझाया। इस अवसर पर श्रीमती लवली भसीन, श्रीमती तवनप्रीत भसीन एवं श्रीमती रितु चावला भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।फिक्की फ्लो समिति ने पुरैना शासकीय स्कूल की छात्राओं को पोक्सो एवं साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक IMG 20260822 WA0002

सत्र के दौरान साइबर क्राइम, ऑनलाइन उत्पीड़न एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर भी विशेष चर्चा हुई। छात्राओं को बताया गया कि सोशल मीडिया का उपयोग करते समय अपनी निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड, ओटीपी अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा न करे। किसी भी प्रकार के साइबर उत्पीड़न या अनुचित ऑनलाइन गतिविधि का सामना होने पर घबराने अथवा चुप रहने के बजाय तत्काल किसी विश्वसनीय व्यक्ति तथा संबंधित जिम्मेदार संस्था से संपर्क करना चाहिए।

वक्ताओं ने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और गलत व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित भी किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल स्वयं को सुरक्षित रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर दूसरों के साथ खड़े होना सामाजिक जिम्मेदारी है। छात्राओं को विशेष संदेश दिया गया कि “चुप रहना समाधान नहीं है, सही समय पर सही व्यक्ति तक अपनी बात पहुंचाना ही सुरक्षा की प्रथम सीढ़ी है।”
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं में कानूनी जागरूकता, आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति सजगता विकसित करने का प्रयास फिक्की फ्लो लीगल की एक सराहनीय पहल है।