नई दिल्ली। शनिवार देर रात कई राज्यों के लिए राज्यपालों की नियुक्तियों की घोषणा की गई। राष्ट्रपति भवन द्वारा इसे लेकर एक विज्ञप्ति भी जारी की गई है, जिसमें सभी राज्यपालों की नई नियुक्ति के बारे में जानकारी दी गई है। जारी विज्ञप्ति के अनुसार रामेन डेका छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल होंगे वहीं लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है तथा उन्हें मणिपुर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं गुलाब चंद कटारिया को पंजाब का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसके अलावा गुलाब चंद कटारिया को केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक भी नियुक्त किया गया है। इन प्रदेशों के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना, सिक्किम, झारखंड, मेघालय में भी राज्यपाल बदले गए है।
ये है नए राज्यपाल
रामेन डेका छत्तीसगढ़, हरिभाऊ के बागड़े राजस्थान, जिष्णुदेव वर्मा तेलंगाना, ओमप्रकाश माथुर सिक्किम, संतोष गंगवार झारखंड, सी एच विजय शंकर मेघालय, सी पी राधाकृष्णन महाराष्ट्र, गुलाबचंद कटारिया पंजाब उप राज्यपाल चंडीगढ़, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य असम अतिरिक्त प्रभार मणिपुर।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल का एक परिचय
1 मार्च 1954 को सुआलकुची (असम) में जन्मे रामेन वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव के पद पर हैं। उनकी शिक्षा गुवाहाटी विश्वविद्यालय से पूरी हुई है। असम के मंगलदोई से वे संसद सदस्य चुने गए थे। उत्तर-पूर्व से आने वाले नेताओं में रामेन डेका बड़ा नाम है। उन्हें भाजपा के संस्थापक सदस्यों के रूप में जाना जाता है। पार्टी में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। इसके अलावा वे भाजपा नॉर्थ-ईस्ट कॉर्डिनेशन कमिटी के सदस्य के रूप में उल्लेखनीय काम के लिए जाने जाते है। वे भाजपा के प्रवक्त भी रहे हैं।