रायखेड़ा परियोजना की जनसुनवाई में विकास, रोजगार और स्वरोजगार के मुद्दे छाए; कुछ ग्रामीणों ने जताई आपत्ति
रायपुर। तिल्दा विकासखंड के ग्राम रायखेड़ा स्थित अदाणी पॉवर लिमिटेड के विद्युत संयंत्र की 1600 मेगावाट क्षमता विस्तार परियोजना को लेकर आयोजित पर्यावरणीय जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने समर्थन जताया। जनसुनवाई में शामिल लोगों में से लगभग 80 प्रतिशत ने परियोजना के पक्ष में अपनी राय रखी। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने अपनी आपत्तियां और चिंताएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के तत्वावधान में 18 नवंबर को ग्राम ताराशिव स्थित शासकीय मैदान में सुबह 11 बजे जनसुनवाई आयोजित की गई। यह प्रक्रिया लगभग ढाई घंटे तक चली, जिसमें रायखेड़ा, गैतरा, सोनतरा सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया।
जनसुनवाई में पीठासीन अधिकारी के रूप में रायपुर के अतिरिक्त कलेक्टर यू.एस. बांधे तथा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी पी.के. रबड़े उपस्थित रहे। इसके अलावा तिल्दा एसडीएम मुकेश कोठारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र चतुर्वेदी, तहसीलदार रामप्रसाद बघेल एवं सूजन सोनकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
रोजगार और क्षेत्रीय विकास की उठी मांग
कंपनी की ओर से पर्यावरण विभाग प्रमुख आर.एन. शुक्ला ने प्रस्तावित परियोजना की जानकारी देते हुए संयंत्र की वर्तमान स्थिति एवं क्षमता विस्तार से संबंधित बिंदुओं को प्रस्तुत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, बुनियादी सुविधाओं के विकास तथा आसपास के गांवों में सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों को गति देने की मांग रखी।
पीठासीन अधिकारी यू.एस. बांधे ने ग्रामीणों की बातों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा जनसुनवाई की प्रक्रिया के तहत उनकी राय एवं आपत्तियों को दर्ज किया। कुछ ग्रामीणों ने परियोजना को लेकर विरोध और चिंताएं व्यक्त कीं, जबकि बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने क्षमता विस्तार का समर्थन किया।
जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी जताया समर्थन
जनसुनवाई में ग्राम रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा, गैतरा के सरपंच प्रतिनिधि शेखर चंद्रवंशी, चिचोली के सरपंच प्रतिनिधि रामनिवास ध्रुव, उपसरपंच राजकुमार बंजारे, ताराशिव के सरपंच मनीष वर्मा तथा सोनतरा के सरपंच समीर वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी समाज के राज प्रधान ठाकुर राम वर्मा, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष राजू शर्मा, सतनामी समाज के तहसील अध्यक्ष सचिन मनहरे, राहुल डहरिया, सरपंच संघ अध्यक्ष मिथलेश साहू, भाजपा युवा मोर्चा तिल्दा ब्लॉक अध्यक्ष दीपक वर्मा, खरोरा नगर पालिका अध्यक्ष अनिल सोनी तथा सदस्य महेंद्र शैलेश साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी परियोजना के समर्थन में अपनी बात रखी।
विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी अहम
औद्योगिक क्षमता विस्तार से क्षेत्र में निवेश, रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं हैं। हालांकि, इसके साथ पर्यावरणीय संतुलन, वायु गुणवत्ता, जल संसाधनों का संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और प्रभावित गांवों के हितों की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण होगी। ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सुझावों और आपत्तियों का समुचित परीक्षण कर उनका निराकरण करना परियोजना के प्रति जनविश्वास मजबूत करने की दिशा में आवश्यक माना जा रहा है।
जनसुनवाई में दर्ज समर्थन, सुझावों और आपत्तियों को नियमानुसार पर्यावरणीय स्वीकृति की आगामी प्रक्रिया में विचारार्थ शामिल किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जनसुनवाई में मिला समर्थन अपने आप में पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं है। अंतिम निर्णय संबंधित पर्यावरणीय परीक्षण एवं सक्षम प्राधिकारी की प्रक्रिया के बाद ही होगा।
जन सुनवाई के अंत में अदाणी पॉवर लिमिटेड के मुख्य व्यवसाय अधिकारी ने जनसुनवाई में पधारे सभी ग्रामीणों को कंपनी के सामाजिक सरोकारों के माध्यम से हर तरफ विकासात्मक कार्य कराने की अपनी प्रतिबद्धता की बात कही तथा उपस्थित सभी ग्रामीणजनों, प्रशासनिक अधिकारियों, हितधारकों, मीडिया तथा जनसुनवाई के आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से भाग लेने वाले सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापित कर आभार जताया।