- बलौदाबाजार जिले के भाटापारा क्षेत्र के बकुलाही गांव स्थित निजी इस्पात स्पंज प्लांट में आज सुबह जोरदार विस्फोट हुआ। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई और 10 से अधिक गंभीर रूप से घायल हुए।
बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के भाटापारा क्षेत्र के बकुलाही गांव में स्थित एक निजी इस्पात स्पंज आयरन फैक्ट्री में गुरुवार प्रातः जोरदार विस्फोट हुआ। हादसे में कम से कम 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।घटना सुबह लगभग 10 बजे तब हुई, जब फैक्ट्री के स्पंज आयरन प्लांट के कोल कीलन में अचानक धमाका हुआ। विस्फोट की चपेट में आए अधिकांश मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी चीख-पुकार से पूरा परिसर गूंज उठा।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
शुरुआती जानकारी के अनुसार विस्फोट इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मौके पर दमकल, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत पहुंचे और घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
राहत कार्य जारी
घटना की जानकारी मिलते ही बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल भाटापारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है।
औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
शुरुआती जांच में ये सामने आया है कि प्लांट में धमाका किसी तकनीकी खराबी या दबाव के कारण हुआ है। फिलहाल टीम जांच कर रही है। पुलिस और प्रशासन द्वारा संयंत्र प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है तथा सुरक्षा से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।