You are currently viewing राजधानी रायपुर में ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी का दिव्य उद्बोधन 22 दिसंबर से, राज्य अतिथि घोषित

राजधानी रायपुर में ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी का दिव्य उद्बोधन 22 दिसंबर से, राज्य अतिथि घोषित

छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सतीश थौरानी एवं ब्रह्माकुमारीज रायपुर की संचालिका सविता दीदी ने पत्रकारों को बताया कि शिवानी दीदी 22 दिसंबर को शाम 6 बजे श्याम टॉकीज के निकट बुढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित आध्यात्मिक समारोह में “अनिश्चितता से मुकाबला” विषय पर दिव्य उद्बोधन देंगी।

23 दिसंबर को सुबह 7 बजे नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-20 स्थित शांति शिखर में वे “संकल्प से सिद्धि” विषय पर अपना उद्बोधन देंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी, ब्रह्माकुमारी संस्थान के अधिकारी तथा नगर के अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा, किंतु प्रवेश पत्र अनिवार्य होगा, जो छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के कार्यालय अथवा ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र से प्राप्त किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी पुणे विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग में गोल्ड मेडलिस्ट हैं और पिछले दो दशकों से अधिक समय से राजयोग साधना कर रही हैं। उनके व्याख्यान विभिन्न टेलीविजन चैनलों पर नियमित रूप से प्रसारित होते हैं। वे “हैप्पीनेस इंडेक्स”, “हैप्पी लिविंग” और “हैप्पीनेस अनलिमिटेड” जैसी चर्चित पुस्तकों की लेखिका भी हैं। वर्ष 2018 में उन्हें भारत सरकार द्वारा नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

23 से 25 दिसंबर तक मोटिवेशनल शिविर
शिवानी दीदी के कार्यक्रम के पश्चात 23 से 25 दिसंबर तक इंडोर स्टेडियम में माउंट आबू से पधारे मोटिवेशनल स्पीकर ब्रह्माकुमार शक्तिराज भाई द्वारा “जीवन का उत्सव (सेलिब्रेटिंग लाइफ)” विषय पर शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का समय सुबह एवं शाम 7 से 8:30 बजे तक रहेगा। इसके अतिरिक्त, नवा रायपुर सेक्टर-20 स्थित शांति शिखर भवन में मुंबई की ब्रह्माकुमारी श्रेया दीदी द्वारा राजयोग शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।