You are currently viewing जिन्दल स्टील अंगुल का बड़ा विस्तार पूर्ण, क्षमता दोगुनी होकर 12 MTPA

जिन्दल स्टील अंगुल का बड़ा विस्तार पूर्ण, क्षमता दोगुनी होकर 12 MTPA

रायपुर। जिन्दल स्टील ने ओडिशा के अंगुल स्थित अपने अत्याधुनिक स्टील प्लांट में 6 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) के विस्तार कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। 3 MTPA क्षमता वाले तीसरे बेसिक ऑक्सीजन फर्नेस (BOF-3) के संचालन शुरू होते ही प्लांट की कुल स्टील उत्पादन क्षमता बढ़कर 12 MTPA हो गई है। इसके साथ ही यह प्लांट देश के सबसे बड़े एक ही स्थान पर स्थापित स्टील संयंत्रों में शामिल हो गया है।

इस विस्तार परियोजना के तहत BOF-2 और BOF-3 के अलावा कई महत्वपूर्ण औद्योगिक सुविधाओं को भी जोड़ा गया है। इनमें अत्याधुनिक कोक ओवन, कोल्ड रोलिंग मिल (CRM) कॉम्प्लेक्स और अन्य आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं, जो उत्पादन क्षमता और दक्षता को नई ऊंचाई प्रदान करेंगे।

कंपनी ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर अंगुल प्लांट की क्षमता को 6 MTPA से बढ़ाकर 12 MTPA तक पहुंचाकर अपनी परियोजना प्रबंधन क्षमता का भी मजबूत प्रदर्शन किया है। इस विस्तार के बाद जिन्दल स्टील की कुल स्टील उत्पादन क्षमता बढ़कर 15.6 MTPA हो गई है, जिसमें रायगढ़ स्थित 3.6 MTPA क्षमता वाला प्लांट भी शामिल है। विशेषज्ञों के अनुसार, बढ़ी हुई उत्पादन क्षमता से प्लांट का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा, जिससे लागत में कमी और उत्पादन में वृद्धि संभव होगी। इसका सीधा असर कंपनी की लाभ पर पड़ेगा।

यह विस्तार न केवल जिन्दल स्टील की औद्योगिक मजबूती को दर्शाता है, बल्कि देश में स्टील उत्पादन को सशक्त बनाने और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।