You are currently viewing राज्योत्सव में आज कोयला एवं लिग्नाइट खदानों को स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह

राज्योत्सव में आज कोयला एवं लिग्नाइट खदानों को स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह

  • केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी करेंगे पुरस्कारों का वितरण

रायपुर। देश में कोयला एवं लिग्नाइट खनन क्षेत्र में वैज्ञानिक प्रबंधन, सुरक्षा और सतत विकास को प्रोत्साहित करने आज 2 नवंबर को नवा रायपुर में स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह होगा। समारोह में आकलन वर्ष 2024-25 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कोयला एवं लिग्नाइट खदानों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और पुरस्कारों का वितरण करेंगे। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही कोयला मंत्रालय के सचिव श्री विक्रम देव दत्त और मंत्रालय के अपर सचिव श्री सानोज कुमार झा भी समारोह में शामिल होंगे। इनके साथ मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, कोयला और लिग्नाइट सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (सीएमडी), उद्योग जगत के हितधारक तथा राज्य सरकारों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

यह पुरस्कार योजना खनन क्षेत्र में वैज्ञानिक, सुरक्षित, कुशल और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका उद्देश्य देश की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास में कोयला क्षेत्र के योगदान को और सुदृढ़ करना है। प्रदर्शन आधारित इस पारदर्शी मूल्यांकन व्यवस्था से खनन कंपनियों को परिचालन मानकों में निरंतर सुधार, पर्यावरण संरक्षण के उपायों को मजबूत करने तथा खनन के संपूर्ण जीवनचक्र में सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही, यह व्यवस्था खनन क्षेत्र में नवाचार, दक्षता और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण तैयार करती है।