भाटापारा। शास. गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा के वाणिज्य विभाग द्वारा दिनांक 13 जून को विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता एवं वित्तीय प्रबंधन संबंधी ज्ञान के विकास के उद्देश्य से “वर्तमान युग में वित्तीय साक्षरता की आवश्यकता” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ए. आर. सी. जेम्स के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ के रूप में डॉ. शरद देवांगन, सहायक प्राध्यापक (वाणिज्य), डॉ. भवर सिंह पोर्ते शासकीय महाविद्यालय, पेंड्रा (छ.ग.) उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता के महत्व, बचत एवं निवेश की आवश्यकता, बैंकिंग सेवाओं के प्रभावी उपयोग, डिजिटल भुगतान प्रणाली, साइबर सुरक्षा, वित्तीय जोखिमों तथा व्यक्तिगत वित्तीय नियोजन के विभिन्न आयामों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
अपने व्याख्यान में डॉ. देवांगन ने कहा कि वर्तमान डिजिटल एवं प्रतिस्पर्धात्मक युग में वित्तीय रूप से जागरूक होना प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने वित्तीय संसाधनों का उचित प्रबंधन करने, नियमित बचत की आदत विकसित करने तथा सोच-समझकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने डिजिटल लेन-देन के दौरान आवश्यक सावधानियों एवं वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री गुप्तेश्वर साहु, श्री रोहन अग्रवाल एवं सुश्री सिमरन चावला की विशेष सहभागिता रही। विभागीय सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विषय विशेषज्ञ से वित्तीय प्रबंधन एवं निवेश संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान प्रस्तुत किया।
अंत में वाणिज्य विभाग की ओर श्री गुप्तेश्वर साहु के द्वारा विषय विशेषज्ञ डॉ. शरद देवांगन के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यार्थियों से प्राप्त ज्ञान को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।