You are currently viewing साय कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह आज, 9 विधायकों को मंत्री पद की शपथ

साय कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह आज, 9 विधायकों को मंत्री पद की शपथ

रायपुर। प्रदेश में काफी इंतजार के बाद आखिरकार विष्णुदेव साय कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह आज राजभवन में होगा। कार्यक्रम में 9 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। मंत्रिमंडल में बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, केदार कश्यप, दयालदास बघेल, लखन देवांगन, श्याम बिहारी जयसवाल, ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा और लक्ष्मी रजवाड़े को शामिल किया गया है। शपथ ग्रहण के साथ ही मंत्रियों को जल्द ही विभागों का बंटवारा हो जाएगा।

विधानसभा में सीएम विष्णुदेव साय ने नामों का ऐलान किया है। बता दें कि साय मंत्रिमंडल को लेकर सोशल मीडिया में अटकलों के आधार लंबे समय से कई नाम चल रहे थे। कई दिग्गज नेताओं को इस बार मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को छोड़ कुल 12 मंत्री बनाए जा सकते हैं। इनमें से विजय शर्मा और अरुण साव डिप्टी सीएम बनाए जा चुके हैं। एक मंत्री की जगह लोकसभा चुनाव के बाद के लिए आरक्षित रखी गई है। तो आइए आज 22 दिसंबर को शपथ लेने वाले मंत्रियों के बारे में कुछ महत्वपूर्ण बातें भी जान लें एक नजर में…

  • रायपुर दक्षिण से विधायक बृजमोहन अग्रवाल 8वीं बार विधायक बने हैं। अविभाजित मध्य प्रदेश में पटवा सरकार में मंत्री रहे। उसके बाद डॉ. रमन सिंह सरकार के तीन कार्यकाल में मंत्री रहे हैं।
  • रामानुजगंज से विधायक रामविचार नेताम 6 बार के विधायक हैं। रमन सरकार में मंत्री रहे हैं। राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। पहले प्रोटेम स्पीकर बनाए गए और अब कल मंत्री पद की शपथ लेंगे।
  • रायगढ़ से विधायक ओपी चौधरी पहली बार के विधायक बने हैं। कलेक्टर रह चुके हैं। रिटायर्ड आईएएस हैं। अमित शाह ने चुनाव प्रचार के दौरान बड़ा आदमी बनाने की बात कही थी।
  • नारायणपुर से विधायक केदार कश्यप चौथी बार के विधायक हैं। डॉ. रमन सिंह सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
  • बलौदाबाजार से विधायक टंकराम वर्मा पहली बार विधायक बने हैं। उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया जा रहा है।
  • मनेंद्रगढ़ से विधायक श्यामबिहारी जायसवाल दूसरी बार के विधायक हैं। उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया जा रहा है।
  • भटगांव से विधायक लक्ष्मी राजवाड़े पहली बार की विधायक हैं, जिन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
  • नवागढ़ से विधायक दयालदास बघेल 4 बार के विधायक हैं। डॉ. रमन सिंह सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
  • कोरबा से विधायक लखन देवांगन दूसरी बार विधायक बने हैं। लखन देवांगन कोरबा के महापौर भी रह चुके हैं।