नई नीति : साय सरकार ने मेडिकल सेक्टर को दी बड़ी सौगात
चिकित्सकों ने सरकार का जताया आभार, मेडिकल जगत में उत्साह का वातावरण
रायपुर। प्रदेश की नई औद्योगिक नीति में प्रदेश की साय सरकार ने मेडिकल सेक्टर को बड़ी सौगात दी है। अब सरकार न्यूनतम 50 बेड वाले सभी प्रकार के एलोपेथिक, आयुष, नेचुरोपैथी अथवा एकीकृत हॉस्पिटल की स्थापना पर अधिकतम 140 करोड़ रुपए तक अनुदान देने जा रही है। प्रदेश सरकार की घोषणा के बाद मेडिकल जगत में उत्साह का वातावरण है। बुधवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन से आईएमए और चिकित्सा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर प्रदेश सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आभार जताया। बता दें कि नई औद्योगिक विकास नीति में कुछ ही श्रेणी के अस्पतालों को शामिल किया गया था। चिकित्सकों की पुरानी मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के मार्गदर्शन में संशोधन करते हुए अब सभी प्रकार के अस्पतालों को इसमें शामिल किया गया है। अब एलोपेथिक, आयुष, नेचुरोपैथी अथवा एकीकृत हॉस्पिटल या सेंटर न्यूनतम 50 बेड और 5 करोड़ के निवेश करने वाले संस्थाओं को विशेष अनुदान दिया जाएगा।
समान वार्षिक किस्तों में अनुदान मिलेगा
उद्योग मंत्री देवांगन ने बताया कि 50 करोड़ से अधिक एवं 200 करोड़ से कम के स्थाई पूंजी निवेश (भूमि की कीमत छोड़कर) को अनुदान का अधिकतम 30 प्रतिशत और अनुदान की अधिकतम राशि 50 करोड़ 10 वर्ष समान वार्षिक किस्तों में दी जाएगी। इसी तरह 200 करोड़ से अधिक और 500 करोड़ से कम स्थाई पूंजी निवेश भूमि की कीमत छोड़कर अनुदान का 30 प्रतिशत और अनुदान को अधिकतम राशि 140 करोड़ रुपए 10 वर्ष समान वार्षिक किस्तों में अनुदान के तौर पर दी जाएगी।
चिकित्सकों ने सरकार का जताया आभार
उद्योग मंत्री देवांगन से मुलाकात करने वालों में प्रदेश संयोजक चिकित्सा प्रकोष्ठ डॉ विमल चोपड़ा, डॉ अखिलेश दुबे, डॉ किशोर सिंह, आईएमए के सचिव डॉ संजीव श्रीवास्तव, डॉ सुनील गोस्वामी, डॉ सुरेश वर्मा, डॉ मनोज अग्रवाल समेत अन्य चिकित्सक शामिल हैं। सभी ने प्रदेश सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए आभार जताया।