दुर्ग। औद्योगिक क्षेत्र स्थित कन्हैया स्टील इंडस्ट्री में एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग) जिला उद्योग संघ, दुर्ग का विधिवत चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया में सर्वसम्मति से के.के. झा को अध्यक्ष तथा युवा उद्योगपति अंकित मेहता को महासचिव चुना गया। इसके साथ ही नई कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई।
घोषित कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष के रूप में राजीव देशलहरा एवं पदम कोठारी, संयुक्त सचिव मलय जैन, कोषाध्यक्ष राहुल कथुरिया तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में ओमप्रकाश शर्मा, अरविंदर सिंह, भगवान अग्रवाल एवं विपिन त्रेहान शामिल हैं।
चुनाव के पश्चात अपने संबोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष के.के. झा ने कहा कि यह संघ एमएसएमई की सशक्त पहचान बनेगा। उन्होंने कहा कि आज के दौर में एमएसएमई क्षेत्र ही देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जो रोजगार सृजन और जीडीपी वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
श्री झा ने बताया कि इस संघ में सभी प्रकार के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर—जैसे इंजीनियरिंग, केमिकल, मिनरल वाटर, फैब्रिकेशन, वायर एंड केबल्स, इंडक्शन, फोर्जिंग और फूड इंडस्ट्रीज—को शामिल किया जाएगा। किसी भी उद्योग क्षेत्र के उद्यमी इस मंच से जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब तक विभिन्न एसोसिएशन अलग-अलग अपनी मांगों के लिए संघर्ष करते रहे हैं, लेकिन इस संघ के माध्यम से सभी की आवाज एक मंच पर बुलंद होगी, जिससे उद्योगों को सामूहिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य उद्योगों के विकास की मजबूत आवाज बनना है। सदस्यता के लिए कुछ शर्तें निर्धारित की जाएंगी, जिनकी विस्तृत जानकारी शीघ्र दी जाएगी। प्राथमिकताओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की लीज जमीन को फ्रीहोल्ड कराने का मुद्दा सबसे पहले उठाया जाएगा, साथ ही आगामी बैठकों में अन्य महत्वपूर्ण एजेंडे तय किए जाएंगे।
इस अवसर पर विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नवगठित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही मैथिली समाज के पदाधिकारियों ने भी अध्यक्ष एवं महासचिव का बुके भेंट कर सम्मान किया और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।