नईदिल्ली। ’प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ (PMVBRY) के देशव्यापी सफल क्रियान्वयन के उपलक्ष्य में आगामी 19 जून 2026 को नई दिल्ली से एक विशाल राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर इस राष्ट्रीय स्तर के प्रोत्साहन वितरण समारोह का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर द्वारा इस देशव्यापी अभियान के अंतर्गत एम्स सभागार, रायपुर में अपरान्ह 04 बजे एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर देश भर के पात्र लाभार्थियों को लगभग ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि का वितरण करेंगे।
इस देशव्यापी उत्सव के तहत रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवागंन तथा सांसद बृजमोहन अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। रायपुर के इस केंद्र के साथ-साथ, इसी दिन देशभर में लगभग 200 स्थानों पर, विशेषकर प्रमुख औद्योगिक एवं रोजगार केंद्रों में, इसी तरह के क्षेत्रीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में नियोक्ता, कर्मचारी, उद्योग प्रतिनिधि एवं अन्य हितधारक भाग लेंगे। इस विशेष अवसर पर नियोक्ता अपने नव-नियुक्त कर्मचारियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति-पत्र प्रदान करेंगे, जो योजना के सफल कार्यान्वयन और देश के युवाओं के औपचारिक अर्थव्यवस्था में प्रवेश को रेखांकित करेगा।
पहले ‘रोजगार आधारित प्रोत्साहन’ (ELI) योजना के नाम से जानी जाने वाली इस योजना का मुख्य उद्देश्य देश में रोजगार सृजन को बढ़ावा देना, युवाओं की रोजगार क्षमता में वृद्धि करना और विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्र पर विशेष जोर देते हुए सामाजिक सुरक्षा के दायरे को बढ़ाना है। ₹99,446 करोड़ के कुल बजट वाली इस योजना का लक्ष्य दो वर्षों में देशभर में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसरों को तैयार करना है। इनमें से लगभग 1.92 करोड़ लाभार्थी ऐसे युवा होंगे जो पहली बार औपचारिक कार्यबल का हिस्सा बन रहे हैं। योजना के ये लाभ 01 अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 के बीच सृजित होने वाले नए रोजगारों पर प्रभावी रूप से लागू होंगे।