रायपुर। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर औद्योगिक नगरी बिरगांव में आज 1 जुलाई को लोटस डेंटल एवं स्किन क्लीनिक द्वारा मेटल पार्क स्थित रायपुर पब्लिक स्कूल परिसर में निशुल्क ओपीडी एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर में दांत एवं मसूड़ों से संबंधित रोगों की जांच, बालों की समस्याओं का परीक्षण एवं समाधान तथा त्वचा रोगों के संबंध में विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर का संचालन युवा चिकित्सक डॉ. आकाश देवांगन एवं डॉ. अनुभूति देवांगन के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
डॉ. आकाश देवांगन ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से वे विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों का निःशुल्क उपचार एवं स्वास्थ्य परामर्श प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिरगांव एक औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां श्रमिक वर्ग की संख्या अधिक है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अनेक लोग समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार नहीं करा पाते। इसी उद्देश्य से समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक मंगलवार को क्लीनिक में नियमित रूप से निशुल्क ओपीडी की सुविधा उपलब्ध रहती है।
डॉ. आकाश देवांगन ने इस सेवा भावना की प्रेरणा का श्रेय अपने पिता डॉ. ओमप्रकाश देवांगन को दिया। उन्होंने बताया कि डॉ. ओमप्रकाश देवांगन न केवल पेशे से चिकित्सक हैं, बल्कि बिरगांव के वरिष्ठ जनसेवक, समाजसेवी, राजनीतिज्ञ एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष भी रहे हैं।
डॉ. श्रीमती अनुभूति देवांगन ने कहा कि चिकित्सा सेवा का मूल उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण एवं सफल उपचार पहुंचाना है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समय पर उपचार ही बेहतर जीवन की कुंजी है।