- महिला उद्यमिता, युवा व्यापारियों के मार्गदर्शन, GST सरलीकरण एवं ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर हुआ सार्थक मंथन छत्तीसगढ़ चैप्टर के कार्यों की सराहना के साथ
रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के सर्वसदस्य प्रमुख ने संयुक्त रूप से बताया कि कैट के राष्ट्रीय चेयरमेन श्री बृजमोहन अग्रवाल अपने एक दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कैट छत्तीसगढ़ के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में प्रदेश के व्यापारिक परिदृश्य, व्यापारियों की समस्याओं, संगठनात्मक गतिविधियों तथा व्यापार जगत को अधिक सशक्त, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बृजमोहन अग्रवाल जी ने कैट छत्तीसगढ़ की संगठनात्मक सक्रियता एवं व्यापारी हितों के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ इकाई को देश के सर्वश्रेष्ठ चैप्टरों में से एक बताया। उन्होंने संगठन की सक्रिय भूमिका को आगे भी बनाए रखने तथा व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों पर उठाने के महत्व पर बल दिया।
साथ ही कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। व्यापारियों को अनुकूल व्यावसायिक वातावरण उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और व्यापार को नई तकनीक एवं आधुनिक व्यवस्थाओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाने और युवाओं को व्यापार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उचित मार्गदर्शन देने से आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कैट छत्तीसगढ़ की सक्रियता की सराहना करते हुए संगठन से एकजुट होकर व्यापारिक समुदाय की आवाज को और मजबूती देने का आह्वान किया।
कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी ने कहा कि कैट का मूल उद्देश्य व्यापारियों को एक सशक्त मंच प्रदान करना, उनकी समस्याओं को संगठित रूप से उठाना और व्यापार के विकास के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। उन्होंने कहा कि टैक्स सरलीकरण, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और अनावश्यक प्रक्रियाओं को कम करना व्यापारियों की प्रमुख अपेक्षाओं में शामिल है। महिला उद्यमियों को व्यावसायिक अवसरों से जोड़ना, युवाओं को आधुनिक व्यापारिक तौर-तरीकों से परिचित कराना और छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को डिजिटल अर्थव्यवस्था के साथ आगे बढ़ाना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और प्रभावी संवाद के माध्यम से व्यापारियों के हितों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है।
कैट के प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन ने कहा कि कैट प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश इकाई का उद्देश्य व्यापारियों को एकजुट करना, उनके हितों की रक्षा करना तथा शासन-प्रशासन के साथ सार्थक संवाद स्थापित कर व्यापार के अनुकूल वातावरण तैयार करने में सहयोग देना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ इकाई के लिए प्रेरणादायक है। संगठन आगे भी महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने, युवाओं को व्यापार से जोड़ने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और व्यापारियों को सरकारी योजनाओं एवं नई व्यावसायिक संभावनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा।
बैठक का संचालन कैट छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री श्री अवनीत सिंह भाटिया ने किया। उन्होंने बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विभिन्न व्यापारिक एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा को आगे बढ़ाया। बैठक में महिला उद्यमियों को आर्थिक एवं व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही युवाओं को उचित मार्गदर्शन देकर व्यापार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने, पारंपरिक व्यापार को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा नई पीढ़ी को व्यवसाय के प्रति प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि महिला उद्यमियों और युवा व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सकती है। इसके लिए व्यापारिक नेटवर्क, कौशल विकास, डिजिटल प्लेटफॉर्म और बाजार तक बेहतर पहुंच को प्रोत्साहित करना महत्वपूर्ण है।
बैठक में GST व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी एवं व्यापारियों के अनुकूल बनाने, अनुपालन संबंधी प्रक्रियाओं को सहज करने तथा ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। छोटे एवं मध्यम व्यापारियों की व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्थाओं की आवश्यकता पर बल दिया गया, जिनसे व्यापार करना अधिक सुविधाजनक हो और व्यापारी अपना समय एवं संसाधन व्यवसाय के विस्तार में लगा सकें।
बैठक में आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा हुई। स्थानीय उत्पादों, स्वदेशी वस्तुओं, लघु एवं मध्यम उद्यमों तथा भारतीय व्यापारिक प्रतिष्ठानों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ डिजिटल व्यापार, नवाचार और आधुनिक व्यावसायिक प्रणालियों को अपनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
बैठक में यह संदेश प्रमुखता से उभरा कि सशक्त स्थानीय व्यापार, रोजगार के नए अवसरों और भारतीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के माध्यम से देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कैट छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई लगातार व्यापारियों की समस्याओं को समझने, संबंधित विभागों के समक्ष उनके विषयों को रखने, सरकारी योजनाओं की जानकारी व्यापारियों तक पहुंचाने तथा व्यापारिक समुदाय और शासन-प्रशासन के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है। संगठन का उद्देश्य केवल व्यापारियों की समस्याओं को उठाना ही नहीं, बल्कि उन्हें विकास के नए अवसरों से जोड़ना, व्यापारिक वातावरण को बेहतर बनाने में सहयोग करना और प्रदेश के व्यापार जगत को संगठित एवं सशक्त बनाना भी है।