You are currently viewing गोदावरी पावर एंड इस्पात में गैस रिसाव और धमाके का दृश्य बना, मॉक ड्रिल से परखी आपातकालीन तैयारियां
Oplus_131072

गोदावरी पावर एंड इस्पात में गैस रिसाव और धमाके का दृश्य बना, मॉक ड्रिल से परखी आपातकालीन तैयारियां

  • गैसीफायर की वाटर सील फेल होने से गैस लीक और धमाके की स्थिति का किया गया अभ्यास, राहत एवं बचाव दल रहे मुस्तैद

रायपुर। औद्योगिक परिसर में संभावित दुर्घटनाओं से निपटने और आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड परिसर में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान गैसीफायर की वाटर सील फेल होने के कारण गैस रिसाव और धमाके की काल्पनिक स्थिति निर्मित की गई। घटना का संकेत मिलते ही गैस डिटेक्टर का अलार्म बज उठा और प्लांट परिसर में आपातकालीन प्रतिक्रिया शुरू हो गई।

मॉक ड्रिल के तहत राहत एवं बचाव कार्यों के लिए विभिन्न टीमों को तत्काल तैनात किया गया। अभ्यास के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में कर्मचारियों की तत्परता, सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन, बचाव कार्यों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की प्रक्रिया को परखा गया।

इस अभ्यास का प्रमुख उद्देश्य किसी भी अप्रत्याशित औद्योगिक दुर्घटना की स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारियों का आकलन करना था।

कार्यक्रम में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संचालनालय के उप संचालक आशुतोष पांडे उपस्थित रहे। मॉक ड्रिल के माध्यम से औद्योगिक सुरक्षा मानकों के प्रति सतर्कता और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के महत्व को रेखांकित किया गया।