You are currently viewing छत्तीसगढ़ के पांच जिलों में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के पांच जिलों में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई

  • 16 टीमों ने एक साथ मारे छापे, रायगढ़ इस्पात सहित कई औद्योगिक प्रतिष्ठान जांच के दायरे में

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के पांच जिलों रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में एक साथ छापेमारी की। विभाग की 16 अलग-अलग टीमों ने कारोबारियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और उनसे जुड़े संचालकों के आवास एवं कार्यालयों पर दबिश दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कर चोरी की आशंका और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी सूचनाओं के आधार पर की जा रही है।

कार्रवाई के तहत रायगढ़ में कई प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठान आयकर विभाग के निशाने पर हैं। इनमें बर्बरीक कंपनी, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात शामिल हैं। इन कंपनियों के कार्यालयों के अलावा संचालकों के आवास और औद्योगिक परिसरों में भी जांच की जा रही है।

रायगढ़ इस्पात में सुबह 5 बजे पहुंची टीम

रायगढ़ इस्पात में आयकर विभाग की टीम ने बुधवार सुबह करीब 5 बजे दबिश दी। बताया जा रहा है कि कंपनी के मालिक श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल के आवास, कार्यालय तथा औद्योगिक परिसर में अधिकारियों ने जांच शुरू की है। टीम कंपनी से संबंधित वित्तीय दस्तावेजों, आय-व्यय के रिकॉर्ड और लेन-देन की जानकारी खंगाल रही है। वहीं, पूंजीपथरा क्षेत्र के देलारी इस्पात में भी विभाग की कार्रवाई जारी होने की जानकारी सामने आई है।

रायपुर में PRA ग्रुप सहित कई ठिकानों पर जांच

राजधानी रायपुर में भी आयकर विभाग की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। चंदखुरी के बहनाकाड़ी गांव स्थित एक फैक्ट्री में अधिकारियों ने दबिश दी। इसके अलावा तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय में भी छापेमारी की गई। रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह क्षेत्र में भी विभागीय कार्रवाई की सूचना है।

दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच जारी

प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ हुई इस कार्रवाई से औद्योगिक एवं कारोबारी जगत में हलचल मच गई है। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कार्रवाई के संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। जांच के दौरान जब्त या प्राप्त दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड के परीक्षण के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब सभी की नजरें विभागीय जांच के निष्कर्षों पर टिकी हैं।