You are currently viewing अब कोयले में भी होगी ट्रेडिंग: एमसीएक्स को सेबी से मंजूरी, नया डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा तैयार

अब कोयले में भी होगी ट्रेडिंग: एमसीएक्स को सेबी से मंजूरी, नया डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा तैयार

मुंबई। देश के कमोडिटी बाजार में एक बड़ा बदलाव आने जा रहा है। अब निवेशक जल्द ही सोना-चांदी और अन्य मेटल व एग्री कमोडिटी की तरह कोयले में भी ट्रेडिंग कर सकेंगे। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) को प्रस्तावित कोल एक्सचेंज में निवेश के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से मंजूरी मिल गई है।

मंजूरी के तहत एमसीएक्स करीब 100 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगा और कोयले के लिए एक आधुनिक डिजिटल ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म विकसित किया जाएगा। इस पहल से देश में कोयला व्यापार को अधिक पारदर्शी और संगठित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों के अनुसार, कोयले की ट्रेडिंग शुरू होने से पॉवर, स्टील और सीमेंट जैसे उद्योगों को मूल्य खोज (प्राइस डिस्कवरी) और जोखिम प्रबंधन (हेजिंग) में बड़ा लाभ मिलेगा। यह कदम ऊर्जा क्षेत्र में बाजार आधारित व्यवस्था को भी मजबूती देगा।

गौरतलब है कि एमसीएक्स पहले से ही क्रूड ऑयल और नेचुरल गैस के डेरिवेटिव बाजार में एक प्रमुख खिलाड़ी है। इसके अलावा एक्सचेंज ने हाल ही में बिजली फ्यूचर्स ट्रेडिंग की भी शुरुआत की है। ऐसे में कोयला एक्सचेंज की शुरुआत एमसीएक्स के ऊर्जा से जुड़े कारोबार को और विस्तार देगी।

बाजार विशेषज्ञ मानते हैं कि यह पहल भारतीय कमोडिटी बाजार को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।