You are currently viewing शास. गजानन्द महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव “क्षितिज 2026” हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न

शास. गजानन्द महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव “क्षितिज 2026” हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न

  • मुख्य अतिथि श्री टंकराम वर्मा उच्च शिक्षा मंत्री ने जीएनए काॅलेज के वार्षिकोत्सव में की कई महत्वपूर्ण घोषणाए।

भाटापारा। शासकीय गजानन्द अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा में 06 मई बुधवार को महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव “क्षितिज 2026” अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिसर में प्रातः 11 बजे से किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार, जनभागीदारी समिति जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रस्तुतियाँ, प्रदर्शनी तथा प्रतिभा सम्मान समारोह आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री टंकराम वर्मा, उच्च शिक्षा मंत्री, छग शासन रहे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री शिवरतन शर्मा, विधायक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अश्वनी शर्मा अध्यक्ष नगर पालिका परिषद भाटापारा, श्रीमती सविता प्रदीप अनंत अध्यक्ष जनपद पंचायत भाटापारा,  श्री सरोज तिवारी वरिष्ठ भाजपा नेता भाटापारा, श्री आनंद यादव जिला अध्यक्ष भाजपा बलौदाबाजार-भाटापारा,  श्री बसंत भृगु पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद भाटापारा तथा  श्री सुनील यदु जी जिला उपाध्यक्ष भाजपा बलौदाबाजार-भाटापारा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.आर.सी. जेम्स द्वारा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के शैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक गरिमा से ओतप्रोत कर दिया। महाविद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
प्राचार्य डॉ.ए.आर.सी. जेम्स ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध गतिविधियों, राष्ट्रीय सेवा योजना, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वार्षिकोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
जनभागीदारी अध्यक्ष श्री श्रेणीक गोलछा ने कहा कि महाविद्यालय का एक भवन पुराना एवं जर्जर हो चुका है, जिसे छात्रहित एवं छात्रसंख्या के आधार पर डिस्मेंटल कर नया भवन बनाने की आवश्यकता पर मुख्य अतिथियों का ध्यान आकृष्ट कराया। ई-ग्रंथालय और पांच विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ करने के लिए मांग प्रस्तुत की।
विशिष्ट अतिथि श्री अश्वनी शर्मा ने सर्वप्रथम बलौदाबाजार अंचल में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक माहौल बनाने हेतु भाटापारा में नालंदा परिसर खोलने की घोषणा करने पर मान. मुख्यमंत्रीजी को आभार प्रेषित किया और अपने छात्र जीवन को याद करते हुए विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

विशिष्ट अतिथि श्री शिवरतन शर्मा ने भारत माता की जय और वंदे मातरम का जय घोष कराते हुए विद्यार्थियों में उत्साह फूंका और महाविद्यालय की विकास यात्रा में मील के पत्थरों का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे छात्र राजनीति और संघर्ष करते हुए राज्य शासन से क्रमशः सुविधाएं और भवन मांगकर लाये गये थे, इस तरह उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि अपने अधिकारों के प्रति सदा सजग रहना चाहिए एवं दलगत राजनीति से बचते हुए राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।

मुख्य अतिथि उच्च शिक्षामंत्री श्री टंकराम वर्मा ने अपने उद्बोधन की शुरूआत प्रेरक कविता से करते हुए विद्यार्थियों के हुजुम को ऊर्जा से सराबोर कर दिया। आपने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं लक्ष्यनिष्ठा का संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सकारात्मक सोच एवं निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति और भारतीय ज्ञान परंपरा पर विशेष बल दिया। उन्होने छात्रहित में रखी गई मांगों को तत्परतापूर्वक संज्ञान में लेते हुए महाविद्यालय में जर्जर हुए विज्ञान भवन के स्थान पर एक नया भवन बनवाने की घोषणा कर महाविद्यालय के स्टाफ और छात्रों को एक महत्वपूर्ण सौगात दी , साथ ही ई-लाईब्रेरी (नालंदा परिसर) और पांच विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाऐं प्रारंभ करने के लिए आश्वासन दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य की प्रेरणा से हिन्दी विभागाध्यक्ष श्री राजेश कुमार द्वारा एक कुलगीत की रचना की गई थी, जिसे विद्यार्थियों के सहयोग से संगीतबध्द कर अनावरण किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा विविध रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। लोकनृत्य, समूह नृत्य, देशभक्ति गीत, नाट्य मंचन, कवितापाठ, एकल गायन एवं समूहगान की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण एवं राष्ट्रप्रेम जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। वार्षिकोत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार शैक्षणिक मॉडल, कला प्रदर्शन, हस्तशिल्प सामग्री एवं विभिन्न विषयों से संबंधित परियोजनाओं का प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर प्रगति करने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की वार्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं आत्मविश्वास दिखाई दिया।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं आकर्षक मंच संचालन श्री राजेश शर्मा, श्रीमती ऋतम्भरा यादव एवं डॉ.दीपेश मिश्र द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। मंच संचालन की सहज शैली, प्रभावपूर्ण भाषा एवं कार्यक्रम की सुव्यवस्थित प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय परिवार के सहयोग से अत्यंत व्यवस्थित रूप में सम्पन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों, आयोजन समिति एवं विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।
जनभागीदारी समिति के सदस्यों में श्री अक्षत रवि मोदी, श्री सौरभ टाटिया, श्री नंद किशोर वैष्णव, श्री पीयूष साहू, श्री सुरेन्द्र डागोर, श्री देवेश गुप्ता, श्री पीताम्बर साहू, श्री माखन महिलांगे, श्रीमती ममता गुप्ता, श्री आशीष पुरोहित, श्री सुनील यदु, श्री अभिषेक मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित थे।

वार्षिकोत्सव संयोजक डाॅ.शशि किरण कुजूर, सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
उक्त कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार से डाॅ. अशोक वर्मा, श्री मनीष कुमार सरवैया, श्री गुप्तेश्वर साहू, श्री राजेश कुमार, डाॅ. प्रीति सोनी, डाॅ. विकास गुलहरे, श्रीमती रेखा कश्यप, डाॅ. नवनीत द्विवेदी, श्री रोहन अग्रवाल, श्री संतोष कुमार बंजारे, सुश्री इंद्राणी मरकाम, डाॅ. राजन तिवारी, सुश्री ऋतम्भरा चैहान, डाॅ. दीपिका त्रिपाठी, डाॅ. सुमित पन्त, डाॅ. दीपक कुमार यादव, डाॅ. योगमाया उपाध्याय, डाॅ. मनीष कुमार, डाॅ. सुषमा कुमारी, खिलौना कन्नौजे, श्री आशीष तिवारी, श्री आशीष जायसवाल, सिमरन चाॅवला, डाॅ. अभिलाषा शर्मा, के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।