You are currently viewing उरला इंडस्ट्रीज एसो. की सीएसपीडीसीएल उरला संभाग से विद्युत समस्याओं एवं अधोसंरचना विकास की मांग को लेकर एक सफल बैठक

उरला इंडस्ट्रीज एसो. की सीएसपीडीसीएल उरला संभाग से विद्युत समस्याओं एवं अधोसंरचना विकास की मांग को लेकर एक सफल बैठक

रायपुर। उरला औद्योगिक संगठन के पदाधिकारियों ने आज 05 जून को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, उरला संभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति एवं औद्योगिक समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में उद्योगों को प्रभावित कर रहे विद्युत व्यवधानों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया तथा त्वरित समाधान की मांग की गई।

संगठन ने जी.पी. इस्पात उपकेंद्र से बार-बार होने वाले विद्युत व्यवधानों की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। अधिकारियों ने बताया कि पावर ट्रांसफार्मर फेल होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसे बदल दिया गया है और स्थिति में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में संगठन पदाधिकारीयों ने कहा कि उरला औद्योगिक क्षेत्र में पिछले लगभग 30 से 40 वर्षों से विद्युत अधोसंरचना में अपेक्षित स्तर का आधुनिकीकरण नहीं हुआ है। बढ़ते औद्योगिक भार को देखते हुए क्षमता वृद्धि के साथ नए आधुनिक नवाचार के कार्य तत्काल प्रारंभ किए जाने की आवश्यकता है। संगठन ने यह भी मांग की, कि उरला क्षेत्र में निम्न दाब एल.टी. उपभोक्ताओं को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उरला संभाग में कनिष्ठ अभियंता सहित विभिन्न तकनिकी पदों के लंबे समय से रिक्त रहने विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने कहा कि स्वीकृत पदो के अनुरूप पदस्थापना नहीं होने से शिकायत निवारण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

उरला औद्योगिक संगठन ने स्पष्ट किया कि उद्योगों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। यदि अधोसंरचना विकास कार्यालय एवं आवश्यक पदस्थापना के संबंध में शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो उद्योगों के हितों की रक्षा हेतु संगठन आगे आवश्यक कठोर निर्णय लेने के लिए बाध्य होगा।

बैठक में विद्युत डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी की ओर से कार्यपालन अभियंता प्रवीण कुमार शर्मा, सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे। उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन से पदाधिकारीगण विनोद केजरीवाल, विक्रम जैन, रामकृष्ण केडिया, नीरज अग्रवाल, दीपक भीमसरिया एवं सदस्यगण उपस्थित थे। बैठक सौहादपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा समस्याओं के समाधान हेतु सकारात्मक चर्चा की गई।