रायपुर। छत्तीसगढ़ स्पंज आयरन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ स्टील री-रोलर एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ मिनी स्टील प्लांट के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी से मुलाकात कर स्टील उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण जीएसटी विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ स्पंज आयरन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन से डॉ. मनीष मंडल, छत्तीसगढ़ स्टील री-रोलर एसोसिएशन से सुभाष अग्रवाल एवं छत्तीसगढ़ मिनी स्टील प्लांट एसोसिएशन से मनीष धूप्पड़ मौजूद थे।
बैठक के दौरान CGST Act की धारा 16(2) (C) से उत्पन्न व्यावहारिक समस्याओं को प्रमुखता से वित्त मंत्री के समक्ष रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस प्रावधान के चलते कई ईमानदार एवं वास्तविक करदाताओं को उनके वैध Input Tax Credit (ITC) से वंचित होने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि जिन करदाताओं ने निर्धारित नियमों का पालन करते हुए अपने सभी दायित्वों का विधिवत निर्वहन किया है, उन्हें किसी सप्लायर की गलती अथवा चूक के लिए दंडित नहीं किया जाना चाहिए।
उद्योग प्रतिनिधियों ने इस विषय में व्यावहारिक एवं न्यायसंगत समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। मान. वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इन महत्वपूर्ण विषयों को 7 अक्टूबर को प्रस्तावित GST काउंसिल की बैठक में प्रभावी रूप से रखा जाएगा। उन्होंने उद्योग हित में उचित समाधान के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का भी आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग हित में सकारात्मक रुख अपनाने तथा निरंतर सहयोग के लिए माननीय वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।