You are currently viewing छग स्टील री-रोलर्स एसो. ऑल इंडिया स्टील कॉन्क्लेव 3.0 का आगाज, ब्राउसर विमोचित-रजिस्ट्रेशन साइट लॉन्च

छग स्टील री-रोलर्स एसो. ऑल इंडिया स्टील कॉन्क्लेव 3.0 का आगाज, ब्राउसर विमोचित-रजिस्ट्रेशन साइट लॉन्च

  • 11-12 जनवरी 2027 को नवा रायपुर में होगा दो दिवसीय आयोजन, 2000 से अधिक प्रतिभागी और 200 स्टॉल का लक्ष्य

रायपुर। छग स्टील री-रोलर्स एसो. द्वारा ऑल इंडिया स्टील कॉन्क्लेव 3.0 का  ब्राउसर विमोचित-रजिस्ट्रेशन साइट का भव्य लॉन्च कार्यक्रम मंगलवार 15 सितंबर को होटल हयात, रायपुर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर घोषणा की गई कि कॉन्क्लेव का दो दिवसीय मुख्य आयोजन 11 एवं 12 जनवरी 2027 को मेयफेयर लेक रिसॉर्ट, नवा रायपुर में होगा। आयोजन में देश-विदेश से इस्पात उद्योग से जुड़े 2000 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने तथा करीब 200 स्टॉल लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

ब्राउसर विमोचन एवं रजिस्ट्रेशन साइट लॉन्च कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएसआईडीसी के चेयरमैन राजीव अग्रवाल थे। विशिष्ट अतिथियों में सारडा ग्रुप के कमल सारडा, जीआर ग्रुप के रमेश अग्रवाल, रियल इस्पात ग्रुप के उमेश अग्रवाल, वंदना ग्रुप के सुभाष अग्रवाल, मिनी स्टील प्लांट एसो. के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल एवं स्पंज आयरन एसो. के अध्यक्ष डॉ. मनीष मंडल शामिल हुए।

ब्राउसर का विमोचन, रजिस्ट्रेशन साइट का शुभारंभ

कार्यक्रम में अतिथियों एवं संस्था के पदाधिकारियों ने ऑल इंडिया स्टील कॉन्क्लेव 3.0 के ब्राउसर का विमोचन किया तथा रजिस्ट्रेशन साइट का विधिवत शुभारंभ किया। कॉन्क्लेव के नॉलेज पार्टनर बिगमिंट द्वारा आयोजन की रूपरेखा एवं कॉन्क्लेव के विभिन्न सत्रों और गतिविधियों की जानकारी दी गई।

संस्था के महासचिव बाँके बिहारी अग्रवाल ने मंच संचालन करते हुए अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद अध्यक्ष संजय त्रिपाठी, कॉन्क्लेव चेयरमैन रमेश अग्रवाल एवं मुख्य व विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।

संगठन कर रहा है 45 वर्षों से उद्योगों का प्रतिनिधित्व

कार्यक्रम में बताया गया कि छत्तीसगढ़ स्टील री-रोलर्स एसोसिएशन करीब 45 वर्षों से प्रदेश की रोलिंग मिल इकाइयों का संरक्षण, प्रचार-प्रसार एवं प्रतिनिधित्व कर रहा है। संस्था से 150 से अधिक सदस्य इकाइयां जुड़ी हैं। रोलिंग मिलों को प्रदेश के लौह एवं इस्पात उद्योग की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा गया कि इन इकाइयों ने छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख लौह-इस्पात उत्पादक राज्यों में पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

संस्था उद्योगों के साथ-साथ राज्य एवं केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर औद्योगिक हितों से जुड़े विषयों पर कार्य करती है। सामाजिक सरोकारों के तहत संस्था द्वारा समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम, निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती रही हैं। कोविड महामारी के दौरान टेस्टिंग किट, ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर, मास्क एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही जरूरतमंदों की सहायता भी की गई।

2023 और 2025 के आयोजन को मिली थी बड़ी भागीदारी

एसोसिएशन द्वारा इससे पहले वर्ष 2023 एवं 2025 में ऑल इंडिया स्टील कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया था। आयोजकों के अनुसार, दोनों आयोजनों में देश के प्रमुख औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधियों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में उद्योग जगत के लोग शामिल हुए थे। करीब 1500 से 1800 प्रतिभागियों की भागीदारी के साथ इन आयोजनों ने इस्पात उद्योग से जुड़े प्रमुख राष्ट्रीय मंच के रूप में अपनी पहचान बनाई।

देश-विदेश के निर्माताओं को किया जाएगा आमंत्रित

कॉन्क्लेव चेयरमैन रमेश अग्रवाल ने बताया कि 11-12 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाले कॉन्क्लेव 3.0 में इस्पात उद्योग से जुड़े देश-विदेश के निर्माता, उद्योगपति, विशेषज्ञ एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री, उद्योग विभाग के सचिवों के साथ केंद्रीय इस्पात मंत्री, इस्पात मंत्रालय एवं कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों सहित सौर ऊर्जा और अन्य संबंधित क्षेत्रों के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कॉन्क्लेव के माध्यम से इस्पात उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों, नई तकनीक, औद्योगिक संभावनाओं, बाजार एवं भविष्य की चुनौतियों पर विचार-विमर्श के लिए उद्योग जगत को एक साझा मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान

एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय त्रिपाठी ने कॉन्क्लेव की सफलता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों से एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी आयोजन के लिए आयोजक संस्था को शुभकामनाएं दीं।

समापन अवसर पर को-चेयरमैन अमित अग्रवाल ने संबोधित किया। चेयरमैन की ओर से मनोज अग्रवाल ने सदस्यों एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी को रात्रिभोज के लिए आमंत्रित किया।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, रमाकांत पंडित, स्वप्निल पंडित, आदित्य अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, पवन अग्रवाल, जेपी अग्रवाल (बालाजी ग्रुप), अनिल अग्रवाल (निरोस इस्पात), पन्नालाल बंसल (इस्कॉन स्ट्रिप्स), उत्सव अग्रवाल, संजय बोथरा, रामकृष्ण खेडिया, जयनारायण कसार, आशीष कसार, राकेश अग्रवाल, प्रशांत खेतान, मनीष धुप्पड़, कैलाश अग्रवाल, निखिल जिंदल, दीपक गोयल, नीरज अग्रवाल, राजू डालमिया, नितिन पटेल, हरीश पटेल, दिलीप पटेल, मोहन अग्रवाल, हरीश अग्रवाल, सुनील केडिया, अंकित केडिया, संजय जैन, बजरंग अग्रवाल, श्याम अग्रवाल, संदीप अग्रवाल (हरिओम इंगोट), बृजेश हुरकट, बिसंभर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।