रायपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया और प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सारडा समूह के प्रबंध निदेशक श्री पंकज सारडा, हेड ऑपरेशन श्री मनोज शाह तथा हेड एचआर श्री विवेक चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन हेड एचएसई श्री अमित मिश्रा द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में निरंतर योगदान देने की अपील की।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और सतत विकास के प्रति सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।